New Delhi,19 February 2025। आख़िरकार दिल्ली के मुख्यमंत्री पद के लिए बीजेपी ने रेखा गुप्ता का नाम घोषित कर दिया। लंबी कश्मकश के बाद केंद्रीय नेतृत्व ने अभाविप की नर्सरी से निकली रेखा गुप्ता को दिल्ली का मुख्यमंत्री घोषित कर दिया। रेखा गुप्ता का नाम सामने आते ही राष्ट्रीय महिला कांग्रेस अध्यक्ष अलका लांबा ने तीस बरस पुरानी तस्वीर पोस्ट की। अलका ने जो तस्वीर पोस्ट की वह तस्वीर 1995 में दिल्ली विश्वविद्यालय के छात्र संघ अध्यक्ष और सचिव पद के शपथ ग्रहण की है। अलका ने इस तस्वीर के साथ ही शुभकामनाएँ भी दीं। लेकिन यूज़र्स ने इस तस्वीर के पोस्ट होने पर अलका लांबा की ही मौज ले ली।
अभाविप की नर्सरी से निकलीं और सीएम बनीं रेखा
रेखा गुप्ता 1996 में दिल्ली विश्वविद्यालय की अध्यक्ष बनीं, और उसके पहले 1995 में सचिव चुनी गईं। रेखा गुप्ता ने बीजेपी के छात्र संगठन अभाविप से सक्रिय राजनीति की शुरुआत की। रेखा गुप्ता 2003 में भाजयुमो दिल्ली की सचिव और फिर 2004 से 2006 तक भाजयुमो दिल्ली की अध्यक्ष भी रहीं। वे विधायक चुनी गईं और अब उन्हें दिल्ली का सीएम बनाया गया है।
यूज़र्स ने लिखा -दीदी आपको तो LG होना था
अलका लांबा के द्वारा तस्वीर पोस्ट करते ही डेढ़ लाख से ज्यादा लोगों ने देखा। यूज़र्स ने इस तस्वीर के पोस्ट करते ही अतरंगी कमेंट भी किए।गौरव नाम के यूजर ने लिखा कि, सही संगठन चुनिए मैडम जी। केशव प्रजापति नाम के यूजर ने लिखा कि, रेखा गुप्ता जी आज सीएम बन गईं और आप केवल पार्टियों को बदलती रहीं,लालच के कारण ना कोई पद पाईं और ना ही मुख्यमंत्री की कुर्सी। रमाकांत अग्रवाल ने लिखा कि,देखिए आज रेखा जी किस मुकाम पर पहुँच गई आप जिस पार्टी से जुड़ी हैं अगर दस बार चुनाव जीत कर विधायक बन भी जाएँ तो मुख्यमंत्री की कुर्सी तक पहुँच पाना नामुमकिन है। भवानी सिंह नाम के यूजर ने कमेंट किया - दीदी आप पीछे रह गईं। 1995 की पोस्ट के हिसाब से तो आपको आज के समय दिल्ली की LG होना चाहिए। हालाँकि कुछ यूज़र्स ऐसे भी हैं जिन्होंने इस राजनीतिक सद्भावना की तारीफ़ की और शुभकामनाओं को सार्थक राजनीति का प्रतीक बताया है।
तस्वीर के साथ अलका ने लिखा
1995 की शपथ ग्रहण की तस्वीर के साथ अलका लांबा ने एक्स पर लिखा -“1995 की यह यादगार तस्वीर - जब मैंने और रेखा गुप्ता ने एक साथ शपथ ग्रहण की थी।मैंने NSUI से दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (DUSU) अध्यक्ष पद पर जीत हासिल की थी और रेखा ने ABVP से महासचिव पद पर जीत हासिल की थी।रेखा गुप्ता को बधाई और शुभकामनाएँ।दिल्ली को चौथी महिला मुख्यमंत्री मिलने पर बधाई और हम दिल्ली वाले उम्मीद करते हैं की माँ यमुना स्वच्छ होगी और बेटियां सुरक्षित।”